मधुपुर के लालगढ़ में काली मंदिर जीर्णोद्धार विवाद ने लिया हिंसक रूप, छह घायल, इलाके में तनाव

देवघर। जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालगढ़ मोहल्ले में काली मंदिर के जीर्णोद्धार और निर्माण कार्य को लेकर चला आ रहा विवाद गुरुवार को हिंसक झड़प में बदल गया। पहले मामूली कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते दो पक्षों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी में तब्दील हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
इस हिंसा में कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों की पहचान बेली देवी, सुरेश रजक, शंकर रजक, गंगिया देवी, दुलारी देवी और मुनकी देवी के रूप में की गई है। सभी का इलाज मधुपुर अनुमंडलीय अस्पताल में कराया जा रहा है, जहां दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल बेली देवी के अनुसार, गांव में स्थित काली मंदिर काफी पुराना है, जिसका जीर्णोद्धार किया जा रहा था। मंदिर निर्माण को लेकर पहले से मतभेद चल रहे थे। बुधवार को ढलाई के बाद गुरुवार को विवाद बढ़ गया और हिंसक झड़प हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार, एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद, सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। भाजपा जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच में जुटी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *