चित्तरंजन। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चित्तरंजन में गुरुवार को भारतीय भाषा उत्सव का शुभारंभ सांस्कृतिक गरिमा और मातृभाषाओं की समृद्ध विरासत के साथ हुआ। आठ दिवसीय महोत्सव की शुरुआत भाषा वृक्ष श्रृंखला की आकर्षक प्रस्तुति से हुई, जिसमें विद्यालय के छात्र–छात्राओं ने देश की विभिन्न भाषाओं की अनूठी सुंदरता को शानदार तरीके से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्राचार्या टेक धारनी ने दीप प्रज्वलित कर उत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाएँ हमारी सांस्कृतिक पहचान की मजबूत कड़ी हैं, और इस उत्सव से भाषाई विविधता के संरक्षण को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा के प्रति सम्मान और गर्व का भाव रखने के लिए प्रेरित किया।
उत्सव के पहले दिन छात्रों ने हिन्दी, बंगाली, संथाली, संस्कृत, उड़िया समेत कई भारतीय भाषाओं में गीत, नृत्य और वाचन प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में भाषा की विविधता के माध्यम से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की झलक स्पष्ट दिखाई दी।
इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे और विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन में सहभागी बने। आठ दिनों तक चलने वाला यह आयोजन भाषा, संस्कृति और एकता का जीवंत संगम साबित होगा।
