जामताड़ा। सदर अस्पताल की अव्यवस्थित स्वास्थ्य सेवाएँ एक बार फिर जनता और नेताओं के निशाने पर आ गई हैं। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रखर नेत्री बबीता झा ने गुरुवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण कर यहां की जमीनी हकीकत को सामने ला दिया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पहुँची झा ने वार्डों में मरीजों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना।
निरीक्षण के दौरान जब वे डायग्नोसिस सेंटर पहुँचीं, तो वहाँ की गंदगी और लापरवाही देखकर उनका आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि डायलिसिस यूनिट में साफ-सफाई नाम मात्र को है और मरीजों के लिए अनिवार्य आरओ मशीन कई दिनों से खराब पड़ी है। इसके कारण मरीजों को मजबूरन अपनी जेब से डिस्टिल्ड वॉटर खरीदकर डायलिसिस करवाना पड़ रहा है।
उन्होंने निजी कंपनी पर भी गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि न जांच समय पर हो रही है और न ही निर्धारित सेवाएँ उपलब्ध हैं। झा ने यह भी कहा कि जहाँ डायलिसिस प्रक्रिया में 8 घंटे लगने चाहिए, वहीं मरीजों को महज डेढ़ घंटे में ही डिस्चार्ज कर दिया जाता है, जो उनके जीवन के साथ सीधा जोखिम है।
अस्पताल की बदहाली पर कड़ी नाराज़गी जताते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री अपने ही क्षेत्र की व्यवस्था सुधारने में नाकाम रहे हैं। बबीता झा ने सिविल सर्जन को लिखित शिकायत सौंपते हुए चेतावनी दी कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
