कमारहीड़ जोड़ियां पर पुल निर्माण को लेकर ग्रामसभा, शहरडाल बड़जोड़ा के ग्रामीणों ने उठाई एकजुट आवाज

जामताड़ा। शहरडाल एवं बड़जोड़ा पंचायत को जोड़ने वाली कमारहीड़ जोड़ियां पर पुल निर्माण की बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर सोमवार को कमारहीड़ जोड़ियां के समीप एक अहम ग्रामसभा का आयोजन किया गया। ग्रामसभा का नेतृत्व बड़जोड़ा पंचायत की मुखिया खुशबू टुडू एवं शहरडाल पंचायत से कांग्रेस जामताड़ा प्रखंड महासचिव कालिदासी किस्कू ने संयुक्त रूप से किया। ग्रामसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली।ग्रामसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कमारहीड़ जोड़ियां पर पुल नहीं होने के कारण दोनों पंचायतों के लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से शहरडाल उच्च विद्यालय में अध्ययनरत छात्र छात्राओं को बड़जोड़ा आने जाने के लिए लंबा और जोखिम भरा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी होती है।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस गंभीर समस्या से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को अवगत कराया जाएगा, ताकि पुल निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू हो सके। ग्रामीणों का कहना था कि पुल का निर्माण होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच भी आसान हो जाएगी।ग्रामसभा में कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष दाऊद अंसारी, देवनाथ मुर्मू, दुर्योधन किस्कू, देवनन्दन दास, सीमांत मुर्मू, दुलाल चंद्र महतो, शिवचंद हांसदा, बाबूराम महतो, शुभन महतो, स्वयंसेवक युगल किशोर महतो और श्यामलाल सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने एक स्वर में पुल निर्माण की मांग को प्राथमिकता देने की अपील की।मौके पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर कमारहीड़ जोड़ियां पर शीघ्र पुल निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *