कुंडहित। कुंडहित थाना क्षेत्र के भेलुआ गांव में बुधवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव के 17 वर्षीय किशोर मिठुन राय का शव नदी किनारे झाड़ियों के पास करंज के पेड़ से गमछे के सहारे लटका मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह नहाने के लिए घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर नदी की ओर गया था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की।तलाश के दौरान ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से झूलता देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुंडहित थाना की टीम मौके पर पहुंची। एसआई तपन कुमार सेन और श्रीराम पंडित ने दलबल के साथ पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया।आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। इधर, घटना से परिवार में कोहराम मचा है। बताया जाता है कि मिठुन ही परिवार का सहारा था और मेहनत-मजदूरी कर घर का भरण-पोषण करता था। उसके निधन से माता-पिता और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है।
भेलुआ में दर्दनाक घटना: 17 वर्षीय किशोर ने पेड़ से लटककर जान दी, जांच शुरू
