देंदुआ। ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस की ओर से सालानपुर प्रखंड के कल्याणेश्वरी मंदिर के समीप देन्दुआ आँचलिक कमेटी द्वारा आयोजित जनसभा में कार्यकर्ताओं ने एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश दिया। सभा में लेफ्ट बैंक और देन्दुआ ग्रामपंचायत से भारी मतों से जीत सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया गया। वक्ताओं ने बूथ स्तर तक तालमेल मजबूत करने और घर-घर संपर्क अभियान तेज करने पर विशेष बल दिया।प्रखंड उपाध्यक्ष भोला सिंह ने बाजार क्षेत्र में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं की जमीनी स्थिति जानी और आगामी चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के समर्थन की अपील की।प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद अरमान ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि 2014 के वादों के अनुरूप रोजगार सृजन नहीं हो पाया। वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में संचालित लक्ष्मी भंडार, युवसाथी और वृद्धा पेंशन जैसी योजनाओं को आमजन के लिए सहायक बताया।देन्दुआ आँचलिक अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि दो प्रमुख बूथों को केंद्र में रखकर रणनीति तैयार की गई है, जिससे पूरे ग्रामपंचायत में बढ़त सुनिश्चित की जा सके। सभा उत्साहपूर्ण माहौल में विजय संकल्प के साथ संपन्न हुई।
कल्याणेश्वरी धाम के पास तृणमूल की हुंकार, देन्दुआ में निर्णायक बढ़त का लक्ष्य
