चित्तरंजन में अंडर 10 राज्य स्तरीय जिम्नास्टिक चैंपियनशिप का भव्य आगाज़

चित्तरंजन। चित्तरंजन स्थित जिम्नास्टिक हॉल में शनिवार को वेस्ट बंगाल जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में बर्दवान जिला अंडर 10 बालक एवं बालिका जिम्नास्टिक चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल और अनुशासन से भरे इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में खेल उत्साह की नई ऊर्जा भर दी है।चैंपियनशिप का उद्घाटन चित्तरंजन के सीईई डिज़ाइन एवं चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव हरीश मित्तल ने दीप प्रज्वलन कर किया। उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में हरीश मित्तल ने कहा कि जिम्नास्टिक जैसे खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ साथ मानसिक मजबूती और अनुशासन को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने छोटे छोटे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और राज्य व देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता चित्तरंजन के पूर्व जिम्नास्ट एवं अंतरराष्ट्रीय जज स्वर्गीय तपन ओझा को समर्पित की गई है। स्वर्गीय ओझा ने जिम्नास्टिक के क्षेत्र में जो योगदान दिया, उसे याद करते हुए आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन उनकी स्मृति और खेल के प्रति उनके समर्पण को सम्मान देने का एक प्रयास है।इस चैंपियनशिप में पश्चिम बंगाल के 20 जिलों से आए लगभग 180 प्रतिभाशाली बच्चों में बालक और बालिकाएं भाग ले रहे हैं। नन्हे खिलाड़ियों में उत्साह और आत्मविश्वास देखते ही बनता है। प्रतियोगिता को निष्पक्ष और उच्च स्तर का बनाए रखने के लिए निर्णायक मंडली में 12 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी जज शामिल किए गए हैं।दो दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिम्नास्टिक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखने को मिलेगा। आयोजन से चित्तरंजन न केवल खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में उभर रहा है, बल्कि युवा प्रतिभाओं को मंच देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मौके पर बर्दवान जिला जिम्नास्टिक्स एसोसिएशन अध्यक्ष ललित मजूमदार, उपाध्यक्ष मलय घोष, सचिव तन्मय ओझा, सहायक सचिव स्वरूप बिस्वास, कोषाध्यक्ष सुजय दास, प्रतियोगिता निदेशक प्रलय बनर्जी सहित कई अन्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *