राजस्व वसुली और सम्मान राशि भुगतान पर भड़के ग्राम प्रधान, जामताड़ा में संघ की जिला स्तरीय बैठक में उभरकर आए कड़े तेवर

जामताड़ा। मंगलवार को गांधी मैदान में ग्राम प्रधान संघ की जिला स्तरीय बैठक जिला अध्यक्ष अजीत कुमार दुबे की अध्यक्षता और जिला महामंत्री शिवलाल मुर्मू के संचालन में आयोजित हुई। बैठक में जिला एवं प्रखंड कमेटियों के पदाधिकारियों ने भाग लिया और राजस्व वसूली में उत्पन्न समस्याओं तथा पिछले 12 महीनों से लंबित मासिक सम्मान राशि को लेकर गहरी नाराज़गी व्यक्त की।

प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रधानी मौजा में रैयतों से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से वार्षिक मालगुजारी वसूली की जा रही है, जिससे एक ही रैयत पर दोहरी वसूली का बोझ पड़ रहा है। इसे सरकारी प्रावधान के विपरीत बताते हुए जिला प्रशासन से ऑनलाइन वसूली तत्काल बंद करने की मांग की गई।
प्रधानों ने यह भी कहा कि शासन की घोषणा के बावजूद उनकी सम्मान राशि एक वर्ष से लंबित है, जिससे आर्थिक संकट गहराया है। कई बुजुर्ग ग्राम प्रधान नियमित उपचार तक नहीं करा पा रहे हैं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो समाहरणालय मैदान में हजारों ग्राम प्रधान उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
बैठक में संगठन को सशक्त बनाने हेतु जामताड़ा प्रखंड कमेटी का पुनर्गठन भी किया गया। इसमें अब्दुल रज्जाक (अध्यक्ष), अशोक सिंह (कोषाध्यक्ष), साधन मांझी (सचिव), नेमुल हक व बालेश्वर हेंब्रम (महासचिव), सुनीति बास्की व मनोजित सर्खेल (उपाध्यक्ष), दुबराज भंडारी, समीम खान, भुवनेश्वर हंसदा (संगठन मंत्री) तथा जर्मन महतो, मृत्युंजय सिंह, नीताय मंडल, उज्जवल बावरी को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।

मौके पर हेमन मुर्मू, धनंजय सिंह, अब्दुल रज्जाक सहित विभिन्न प्रखंडों के ग्राम प्रधान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *