वार्ड 7 में चुनावी माहौल गरमाया: रंजीत कुमार पांडे ने किया जनसंपर्क कार्यालय का शुभारंभ

मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 7 में नगर निकाय चुनाव को लेकर गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में पार्षद पद के प्रत्याशी रंजीत कुमार पांडे उर्फ पप्पू पांडे ने मंगलवार को अपने चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड के वरिष्ठ नागरिक मुस्लिम अंसारी द्वारा फीता काटकर की गई, जिसके बाद उपस्थित लोगों ने प्रत्याशी का स्वागत किया।उद्घाटन समारोह के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष, युवा और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रत्याशी रंजीत कुमार पांडे ने वार्डवासियों से आशीर्वाद और सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 7 का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को दूर करना उनका संकल्प है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का सहयोग मिलने पर वे क्षेत्र को बेहतर सुविधाएं दिलाने के लिए लगातार कार्य करेंगे।प्रत्याशी ने यह भी कहा कि वार्ड के लोगों ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें उम्मीदवार बनाया है, इसलिए वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उद्घाटन के मौके पर समर्थकों में उत्साह देखा गया और लोगों ने विकास के मुद्दों पर चर्चा करते हुए सकारात्मक माहौल बनाया। चुनावी कार्यालय के शुभारंभ के साथ ही वार्ड में चुनावी गतिविधियों ने नई रफ्तार पकड़ ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *