मिहिजाम। मिहिजाम के हांसी पहाड़ी स्थित निर्माणाधीन स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय 18वीं झारखंड राज्य महिला सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता 2025-26 का समापन बुधवार को रोमांचक फाइनल मुकाबले एवं भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के 19 जिलों से आई महिला खिलाड़ियों ने अपनी ताकत, अनुशासन और खेल कौशल से दर्शकों को खूब प्रभावित किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता हरिमोहन मिश्रा मौजूद रहे।प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गढ़वा और कोडरमा जिले की टीमों के बीच खेला गया, जो अंत तक बेहद रोमांचक बना रहा। निर्धारित समय में दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने के बाद मुकाबला टाईब्रेकर तक पहुंचा। टाईब्रेकर राउंड में कोडरमा की टीम ने शानदार तालमेल और मजबूत रणनीति का परिचय देते हुए जीत दर्ज की और चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं गढ़वा की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाकर उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि हरिमोहन मिश्रा ने कहा कि आज महिलाएं खेल के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल उनके आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम में ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, सचिव राजकमल सिंह, आरएसएस देवघर विभाग के शारीरिक शिक्षण प्रमुख अनिमेष मधुकर, मिहिजाम नगर परिषद के सिटी मैनेजर विजय कुमार, पूर्व प्रधानाध्यापक दुर्गादास भंडारी, पुलू यादव, चित्तरंजन रेलवे आरपीएफ के अशोक काध्यान, नरेंद्र यादव, उदय कुमार, सौरभ कुमार, राहुल पासवान, आदर्श कुमार एवं कमल गुप्ता सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में ऐसे बड़े खेल आयोजनों के निरंतर आयोजन की कामना की।
हांसी पहाड़ी में महिला कबड्डी का शानदार समापन, टाईब्रेकर में कोडरमा ने जीता खिताब
