मिहिजाम। 18वीं झारखंड राज्य महिला सीनियर कबड्डी प्रतियोगिता 2025-26 का दो दिवसीय आयोजन मंगलवार से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ शुरू हो गया। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन मंगलवार सुबह 10 बजे रंगारंग समारोह के बीच संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, देवघर विभाग के विभाग शारीरिक प्रमुख अनिमेष मधुकर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।इस आयोजन को सफल बनाने में खेल कमेटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह और सचिव राजीव रंजन मिश्रा की अहम भूमिका रही। कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, जामताड़ा जिला कबड्डी संघ की अध्यक्ष मीरा मिश्रा एवं सचिव रोहित कुमार के नेतृत्व में बेहतर प्रबंधन और अनुशासन देखने को मिला। अतिथियों में वार्ड संख्या 20 के पार्षद पुल्लू यादव, चितरंजन रेल नगरी से जुड़े अशोक काद्यान्न, उदय, सौरभ, आदर्श तथा आंगन मां विशेष रूप से उपस्थित रहे।पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बोकारो ने गिरिडीह को 38-20 से हराया, जबकि साहिबगंज ने हजारीबाग पर 41-27 की जीत दर्ज की। कोडरमा ने धनबाद और लातेहार को पराजित किया। रांची, दुमका, जामताड़ा और अन्य टीमों के बीच भी कड़े मुकाबले देखने को मिले।अब सभी की निगाहें 21 जनवरी 2026 को होने वाले क्वार्टर फाइनल, सेमी फाइनल और फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं, जिन्हें लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।
महिला कबड्डी का महासंग्राम: झारखंड सीनियर प्रतियोगिता में दिखा दमखम और जुनून
