जामताड़ा। जामताड़ा के सरखेलडीह स्थित जिला मुख्यालय में गुरुवार को भारतीय जनता मजदूर मंच की जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राहुल देव शर्मा ने की, वहीं मुख्य अतिथि के रूप में मंच के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा उर्फ बाटुल मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया तथा माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत नवनिर्मित जिला कार्यालय के उद्घाटन से हुई, जिसे प्रदेश अध्यक्ष ने फीता काटकर समर्पित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जामताड़ा जिले के मजदूर वर्षों से उपेक्षा झेल रहे हैं, लेकिन मजदूर मंच अब उनकी हर आवाज़ को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुँचाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि संगठन का लक्ष्य है कि हर मजदूर की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा।
बैठक में जिला कमेटी का विस्तार किया गया और नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियाँ सौपी गईं। जिला अध्यक्ष राहुल देव शर्मा ने भरोसा दिलाया कि वे मजदूर हितों से जुड़े हर मुद्दे मजदूरी अनियमितता, सुरक्षा चुनौतियाँ, ठेका मजदूरों की समस्याएँ और श्रमिक योजनाओं में बाधाओं पर संघर्ष करते रहेंगे।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष भोलानाथ सिंह, सुकेन मंडल, जिला मंत्री सुषुम्ना गोप, पानेश्वर किस्कू, कार्यालय मंत्री विजन भंडारी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में शामिल मजदूरों ने अपनी समस्याएँ रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन नेताओं ने दिया। कार्यक्रम का समापन मजदूर अधिकारों की मजबूती के संकल्प के साथ किया गया।
