राष्ट्रमंडल स्वर्ण विजेता अधिराज ने मुख्यमंत्री से की शिष्टाचार भेंट, झारखंड का नाम रोशन करने पर सराहना

रांची। मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हेमन्त सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, रांची में युवा शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा ने मुलाकात की। अधिराज ने वर्ष 2025 में मलेशिया में आयोजित राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप (अंडर-14) में स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड को गौरवान्वित किया है।भेंट के दौरान अधिराज ने 7 से 16 नवंबर 2025 तक आयोजित प्रतियोगिता के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में राष्ट्रमंडल देशों के कई दिग्गज खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जहां कड़े मुकाबले के बीच उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया। अधिराज वर्तमान में जमशेदपुर के लोयला स्कूल में आठवीं कक्षा के विद्यार्थी हैं और कम उम्र में ही शतरंज की दुनिया में उल्लेखनीय पहचान बना चुके हैं।मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर अधिराज को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के खिलाड़ियों में प्रतिभा और समर्पण की कमी नहीं है। राज्य के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।इस अवसर पर अधिराज की माता रुना मित्रा, पिता उत्तम मित्रा तथा उनके प्रशिक्षक अभिषेक दास भी उपस्थित रहे। मुलाकात का माहौल उत्साह और प्रेरणा से भरा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *