पोयला बैसाख पर रंगों की छटा: स्मार्ट गुरुकुल एकेडमी में बच्चों की प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी मिहिजाम। जामताड़ा जिले के मिहिजाम स्थित आमबगान के स्मार्ट गुरुकुल एकेडमी परिसर में बुधवार को पोयला बैसाख के शुभ अवसर पर भव्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस रंगारंग आयोजन में बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता में मिहिजाम, चित्तरंजन, रूपनारायणपुर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जो पूरे कार्यक्रम के दौरान उनका हौसला बढ़ाते दिखाई दिए।एकेडमी से जुड़े प्रणव साहा, अतानु नाग और शुभोजित राय ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों की छिपी हुई कला प्रतिभा को मंच देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए प्रतिभागियों को कक्षा के अनुसार ग्रुप ए, बी और सी में बांटा गया था। इस व्यवस्था के कारण सभी बच्चों को अपनी क्षमता दिखाने का समान अवसर मिला। बच्चों ने अपनी ड्राइंग शीट पर प्रकृति, सामाजिक जीवन और कल्पनाओं से जुड़े रंग-बिरंगे चित्र बनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।आयोजकों ने जानकारी दी कि 19 अप्रैल को सुबह 9 बजे इसी परिसर में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जबकि शाम 5 बजे विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को अल्पाहार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।इस सफल आयोजन के लिए अभिभावकों ने शिक्षकों और आयोजकों की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *