सदर अस्पताल में सनसनी: नकाबपोश ने डायलिसिस यूनिट के जनरेटर में लगाई आग, सुरक्षा पर उठे सवाल

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी जामताड़ा। जामताड़ा सदर अस्पताल में बीती रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले से संसाधनों की कमी से जूझ रहे इस अस्पताल को अब असामाजिक तत्वों ने भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है।मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे एक नकाबपोश युवक अस्पताल परिसर की दीवार फांदकर अंदर घुस आया। इसके बाद उसने सीधे डायलिसिस सेंटर के पास लगे जनरेटर के साथ छेड़छाड़ की और उसमें आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि महज 10 मिनट के भीतर जनरेटर पूरी तरह जलकर राख हो गया।पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी युवक बिना किसी डर के नजर आ रहा है। वह कैमरे की ओर इशारा करते हुए भी दिखाई देता है, जिससे उसके हौसले का अंदाजा लगाया जा सकता है।घटना का खुलासा तब हुआ जब गुरुवार शाम अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। मामले की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि इस घटना को लेकर संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जाएगी।इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। रात के समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से इस तरह की घटना संभव हो पाई। स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने भी प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *