तपती धूप में ठंडक की सौगात: पी बनर्जी रोड में महिलाओं की अनूठी जलसेवा

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी मिहिजाम। भीषण गर्मी के बीच पी. बनर्जी रोड स्थित टावर गली के पास शनिवार को मानवता और सेवा का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। चंदा देवी के नेतृत्व में क्षेत्र की महिलाओं ने सड़क किनारे जलसेवा शिविर लगाकर राहगीरों को ठंडा पानी और बतासा वितरित किया। तेज धूप में सफर कर रहे लोगों के लिए यह पहल किसी राहत से कम नहीं रही।इस दौरान गुजरने वाले राहगीरों ने रुककर पानी पिया और महिलाओं के इस प्रयास की सराहना की। चंदा देवी ने बताया कि यह सेवा अभियान पिछले पांच वर्षों से निरंतर जारी है। हर मंगलवार और शनिवार को नियमित रूप से इस तरह का शिविर लगाया जाता है, जिसमें मोहल्ले की महिलाएं सक्रिय भूमिका निभाती हैं। उनका कहना है कि गर्मी में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य होता है और इससे मन को विशेष संतुष्टि मिलती है।इस नेक कार्य में मंजू दागा, ऋचा दागा, प्रेमलता शर्मा और रानी रजक सहित कई महिलाओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी ने मिलकर पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया और राहगीरों को सम्मानपूर्वक जल ग्रहण कराया।स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की जमकर प्रशंसा की। उनका कहना है कि ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। गर्मी के इस कठिन समय में यह जलसेवा न केवल लोगों को राहत पहुंचा रही है, बल्कि समाज को एक सकारात्मक संदेश भी दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *