तीन दिन से खड़ी लावारिस कार बनी चर्चा का विषय, पुलिस जांच में निकला तकनीकी खराबी का मामला

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी मिहिजाम। मिहिजाम में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब दिगम्बर जैन मंदिर के सामने रेलवे लाइन किनारे खड़ी एक एंबेसेडर कार डब्ल्यूबी 38 एच 0847 को लेकर लोगों में संदेह गहराने लगा। पिछले तीन दिनों से एक ही स्थान पर खड़ी इस कार को देखकर स्थानीय नागरिकों ने इसे संदिग्ध मानते हुए तुरंत मिहिजाम थाना को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप राणा के निर्देश पर एएसआई सोमवारी हेंब्रम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन की बारीकी से जांच की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर वाहन के मालिक की जानकारी जुटाने का प्रयास किया।जांच के दौरान खुलासा हुआ कि कार पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के श्रीपुर निवासी देवानंद पासवान की है। बताया गया कि वे तीन दिन पहले चित्तरंजन स्टेशन से ट्रेन पकड़ने के लिए मिहिजाम आए थे। इसी दौरान जैन मंदिर के पास उनकी कार अचानक खराब हो गई। मजबूरी में उन्होंने कार वहीं छोड़ दी और अपने भांजे, कृष्णानगर एक नंबर रोड निवासी सुभाष पासवान को इसकी सूचना देकर आगे चले गए।पुलिस ने सभी तथ्यों का सत्यापन करने के बाद वाहन को सुभाष पासवान को सौंप दिया, जिससे पूरे मामले का पटाक्षेप हो गया। थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस की सतर्क निगरानी जारी है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *