नन्हे कदमों का रंगारंग उत्सव: अंकुरम में बच्चों की प्रतिभा ने जीता सबका दिल

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी जामताड़ा। जामताड़ा के आजाद पाड़ा स्थित माय छोटा प्ले स्कूल में अक्षय तृतीया के अवसर पर द्वितीय वार्षिक समारोह अंकुरम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता, अति विशिष्ट अतिथि समाजसेवी चमेली देवी तथा अतिथि के रूप में पूनम देवी (वार्ड कमिश्नर), कराली चरण सरखेल, द मिशन स्कूल के निदेशक प्रशांत दास, अरुप मित्रा, मनोज सिन्हा, सुनील सिंह और चिन्मय सरकार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे बच्चों के आकर्षक स्वागत नृत्य से हुई, जिसने माहौल को उल्लास से भर दिया। बच्चों ने छोटा बच्चा है जान के, रब ने बना दी जोड़ी, मेड इन इंडिया और रिंग द बेल जैसे गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा योग, मार्शल आर्ट और मलखंभ जैसे प्रदर्शन ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया। कई अभिभावक बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुति देख भावुक हो उठे।अपने संबोधन में आशा गुप्ता ने कहा कि इस तरह के मंच बच्चों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की। वहीं चमेली देवी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए स्कूल के प्रयासों की सराहना की।स्कूल के मुख्य संरक्षक दीपक दुबे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था की दो वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के सफल संचालन में निदेशक भास्कर चांद, प्राचार्य नाजिया, शिक्षिका किरण मिश्रा, हिना सिंह और नवोमिता सरकार की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *