तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी 23 अप्रैल 2026 जामताड़ा। झारखंड अकादमिक परिषद की मैट्रिक परीक्षा में इस बार मिहिजाम की छात्रा आसिया परवीन ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए 97.6 प्रतिशत अंक के साथ जामताड़ा जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल, मिहिजाम की इस होनहार छात्रा की सफलता ने पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बना दिया है।अमोई, मिहिजाम की रहने वाली आसिया साधारण पृष्ठभूमि से आती हैं, लेकिन उनके सपने और मेहनत असाधारण हैं। उनके पिता अनवर हुसैन चप्पल के छोटे व्यवसाय से परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता साहिना खातून गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा शिक्षा को प्राथमिकता दी और आसिया को आगे बढ़ने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया।आसिया का परिवार संयुक्त है, जहां सभी सदस्यों का सहयोग और प्रोत्साहन उन्हें लगातार मिलता रहा। उनके बड़े भाई चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना में अप्रेंटिस कर रहे हैं, जिनसे उन्हें प्रेरणा मिलती है। परिवार की एक और बेटी आबिदा परवीन ने भी इसी विद्यालय से 83 प्रतिशत अंक हासिल कर मैट्रिक परीक्षा पास की है, जिससे पूरे परिवार में दोहरी खुशी का माहौल है।अपनी इस सफलता का श्रेय आसिया अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को देती हैं। उनका कहना है कि नियमित अध्ययन, आत्म-अध्ययन और ऑनलाइन माध्यमों का सही उपयोग उनकी सफलता की कुंजी रहा। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता निश्चित है।भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर आसिया ने बताया कि वह भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाकर देश की सेवा करना चाहती हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन ने भी घर आकर आसिया की इस सफलता पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद लगन और समर्पण के बल पर बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। संयोग की बात यह है कि पिछले वर्ष की जिला टॉपर इसके घर के बगल वाले घर की आयशा परवीन ने की थी।
संघर्ष से सफलता तक: मिहिजाम की आसिया परवीन ने 97.6% अंकों के साथ जिला टॉप कर बढ़ाया मान
