स्वास्थ्य सेवाओं को नई ताकत: मिहिजाम में शहरी सहिया चयन की शुरुआत, वार्ड 3 से शोभा कुमारी का चयन

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी 24 अप्रैल 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिले में शहरी स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए शहरी सहिया चयन प्रक्रिया का आगाज शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 को मिहिजाम के आम बागान स्थित दुर्गा मंदिर परिसर से किया गया। इस अवसर पर आयोजित आमसभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और जनसहभागिता के साथ संपन्न हुई।कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामताड़ा के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सत्यनारायण के नेतृत्व में टीम मौजूद रही। उनके साथ डीएएफ साहिक अली, बीपीएम रणधीर शर्मा, बीएएफ रमेश कुमार, एएनएम पुष्पा कुमारी, सेविका सुजाता देवी एवं वार्ड संख्या 3 की पार्षद मनीषा महतो भी उपस्थित रहीं। सभी के समक्ष वार्ड 3 के लिए शहरी सहिया के चयन की प्रक्रिया पूरी की गई।इस चयन में दो महिला अभ्यर्थियों में शोभा कुमारी (पति कमलेश प्रसाद) और सुप्रिया मंडल (पति प्रशांत मंडल) ने भाग लिया। दोनों ने निर्धारित मानकों के अनुरूप अपने दस्तावेज प्रस्तुत किए। चयन समिति ने दस्तावेजों की गहन जांच और मूल्यांकन के बाद शोभा कुमारी को वार्ड संख्या 3 के लिए शहरी सहिया के रूप में चुना।सभा को संबोधित करते हुए डॉ. सत्यनारायण ने बताया कि मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में कुल 18 तथा जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में 12 शहरी सहिया का चयन किया जाना प्रस्तावित है। यह पूरी प्रक्रिया 30 मई 2026 तक चरणबद्ध तरीके से विभिन्न वार्डों और निर्धारित स्थलों पर संपन्न की जाएगी।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शहरी सहियाओं की भूमिका स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में बेहद अहम होती है। इनके माध्यम से गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों का टीकाकरण, पोषण संबंधी जागरूकता और स्वच्छता अभियान जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।वार्ड संख्या 3 से चयन प्रक्रिया की शुरुआत होने के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि योग्य एवं सक्रिय सहियाओं के चयन से शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निश्चित रूप से सुधार होगा और आम लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *