तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी 26 अप्रैल 2026 मिहिजाम। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 अंतर्गत पोखरतल्ला मोहल्ले में रविवार की भोर एक बड़ी अग्निकांड की घटना ने लोगों को दहला दिया। करीब सुबह 4 बजे स्थानीय निवासी मो. अख्तर के घर परिसर में स्थित टेंट हाउस के गोदाम से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा टेंट, सजावटी सामग्री, कुर्सियां, कपड़े और अन्य उपकरणों को संभालने का कोई मौका नहीं मिल सका। कुछ ही देर में पूरा सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग एकजुट होकर आग बुझाने में जुट गए। बाल्टी, पानी और उपलब्ध संसाधनों के सहारे लोगों ने अथक प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उनकी तत्परता और साहस के कारण आग आसपास के घरों तक फैलने से रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।इस बीच पुलिस और दमकल विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई थी, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचती, तब तक स्थानीय लोगों ने हालात पर नियंत्रण पा लिया था। हालांकि, आग बुझने के बाद भी लंबे समय तक इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस अग्निकांड में लाखों रुपये मूल्य के टेंट हाउस का सामान जलकर नष्ट हो गया है। फिलहाल नुकसान का सटीक आकलन नहीं किया जा सका है। आग लगने के कारणों का भी अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट जैसी आशंकाएं जताई जा रही हैं।प्रशासन द्वारा घटना की जांच की बात कही जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने आग बुझाने में दिखाई गई एकजुटता और हिम्मत की सराहना की है।
सुबह-सुबह मिहिजाम में आग का कहर: टेंट गोदाम स्वाहा, लाखों की संपत्ति राख
