जामताड़ा। जामताड़ा प्रेस क्लब के गठन को लेकर रविवार को आयोजित चुनाव जिले में लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। समाहरणालय परिसर स्थित एसजीएसवाई सभागार में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक शांत, सुव्यवस्थित और पारदर्शी वातावरण में मतदान संपन्न हुआ। कुल 64 पंजीकृत सदस्यों में से 53 पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक मतदान कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में देवाशीष भारती ने व्यापक समर्थन हासिल करते हुए चंचल गिरी को निर्णायक अंतर से पराजित किया। सचिव पद पर आरिफ हुसैन ने धनेश्वर सिंह को हराकर भरोसे का जनादेश प्राप्त किया। उपाध्यक्ष पद पर उज्जवल प्रसाद आजाद का निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर मिथिलेश कुमार ने निशिकांत मिस्त्री पर स्पष्ट बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की।कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अमित कुमार नाग, काजल राय चौधरी, अशोक टुडू, रंजीत कुमार गोस्वामी, विधान चंद्र दास, योगेश कुमार, मो. रफीक अंसारी, शमीम अंसारी, उत्तम कुमार मुनि, राजकुमार मंडल एवं अशोक कुमार मंडल निर्वाचित हुए।चुनाव की निगरानी सेवानिवृत्त झारखंड प्रशासनिक सेवा अधिकारी नवीन कुमार ने की। मौके पर आवास समिति के सभापति दशरथ गागराई, दंडाधिकारी मो. जमशेद आलम, डीडीसी निरंजन कुमार, एसडीओ अनंत कुमार तथा इंस्पेक्टर संतोष कुमार, दुर्गादास भंडारी उपस्थित रहे। चुनाव संचालन समिति के अजय सिंह, अजीत कुमार, देवेश कुमार, राजीव झा, दिनबंधु राउत और सिराज अंसारी के प्रयासों से यह प्रक्रिया सफल रही।
जामताड़ा प्रेस क्लब चुनाव : लोकतंत्र की कसौटी पर खरा उतरा पत्रकारों का उत्सव
