तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी 27 अप्रैल 2026 जामताड़ा। जामताड़ा में व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में संपन्न हुई, जिसमें चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के सदस्य, आभूषण दुकानदारों सहित कई प्रमुख व्यवसायी शामिल हुए।बैठक के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण, यातायात सुगमता और पुलिस-जन सहयोग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। व्यवसायियों ने अपनी समस्याओं को खुलकर सामने रखा और सुरक्षा से जुड़े कई अहम सुझाव भी दिए।व्यवसायियों ने मांग की कि दोपहर और शाम के समय बाजारों में पुलिस गश्ती को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि भीड़भाड़ के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इसके अलावा रात के समय चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए गली-मोहल्लों में बाइक गश्ती दल की तैनाती की भी मांग उठाई गई।मिहिजाम, करमाटांड़ स्टेशन रोड और जामताड़ा बाजार में लगने वाले जाम को लेकर भी व्यवसायियों ने चिंता जताई। उन्होंने प्रशासन से यातायात प्रबंधन को दुरुस्त करने और नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह ने सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यवसायियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।उन्होंने शहरी क्षेत्रों में बीट पुलिसिंग व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की बात कही, जिससे क्षेत्रवार निगरानी बढ़ेगी और पुलिस की मौजूदगी का एहसास बना रहेगा। साथ ही, सभी व्यवसायियों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर नजर रखी जा सके।बैठक में पुलिस उपाधीक्षक चन्द्रशेखर भी उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन और व्यवसायियों के बीच यह संवाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
व्यवसायियों की सुरक्षा पर पुलिस सख्त, जामताड़ा में एसपी ने की अहम बैठक
