योनो ऐप के नाम पर साइबर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, जामताड़ा पुलिस ने चार शातिरों को दबोचा

जामताड़ा। साइबर अपराध के लिए कुख्यात जामताड़ा से एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। पुलिस ने योनो ऐप के नाम पर देशभर में ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने साइबर थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक योनो ऐप से जुड़े फर्जी लिंक लोगों को भेजकर उनके बैंक खातों से अवैध रूप से पैसे निकाल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद साइबर थाना पुलिस और संबंधित थाना क्षेत्र की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर चारों आरोपियों को धर दबोचा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 8 सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था।जांच में सामने आया है कि आरोपी योनो ऐप का झांसा देकर लोगों को फर्जी लिंक भेजते थे। लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ितों की बैंकिंग जानकारी उनके हाथ लग जाती थी, जिसके बाद खातों से रकम साफ कर दी जाती थी। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह का जाल देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था।एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा करने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *