तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी देवघर। देवघर में बंगाली समुदाय की सक्रियता एक बार फिर सामने आई, जब बंगाली समिति के प्रतिनिधियों ने राजनारायण बोस लाइब्रेरी परिसर में स्थानीय विधायक सुरेश पासवान को आमंत्रित कर एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में झारखंड में बंगला भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए झारखंड बंगला अकादमी के गठन की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई है।समिति के सदस्यों ने विधायक के हाथों मुख्यमंत्री के नाम लिखा गया एक औपचारिक पत्र भी सौंपा, जिसमें राज्य में बंगाली समाज की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक स्वर में अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए इस पहल को जल्द से जल्द अमल में लाने की अपील की।वहीं, विधायक सुरेश पासवान ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को सरकार तक पहुंचाएंगे। साथ ही उन्होंने राजनारायण बोस लाइब्रेरी के विकास और सुविधाओं के विस्तार के लिए भी सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया।इस मौके पर समिति के कई पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिससे कार्यक्रम का महत्व और भी बढ़ गया।
देवघर में बंगाली समाज की पहल: विधायक को सौंपा गया सांस्कृतिक मांगों का ज्ञापन
