चिरेका में मजदूरों की हुंकार: गेट मीटिंग कर पीएम के नाम सौंपा मांगपत्र

चित्तरंजन। भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बुधवार को देशभर में श्रमिकों ने धरना-प्रदर्शन किए। इसी क्रम में बीएमएस से संबद्ध चिरेका कर्मचारी संघ ने चित्तरंजन स्थित चिरेका परिसर में गेट मीटिंग आयोजित कर अपनी मांगों को बुलंद किया। कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन चिरेका महाप्रबंधक के माध्यम से प्रेषित किया।सभा में बोनस एक्ट 1965 की सीलिंग सीमा बढ़ाने, 1985 से रुकी सामान्य भर्ती प्रक्रिया पुनः शुरू करने, त्रिपक्षीय वार्ता बहाल करने तथा कैजुअल श्रमिकों को उचित पारिश्रमिक देने की मांग उठाई गई। साथ ही लेबर कोड लागू करने, पीओएच कार्य के बजाय इंजन निर्माण बढ़ाने और लैब कैडर को प्रोत्साहन देने पर जोर दिया गया।कार्यक्रम का संचालन महामंत्री अनुज कुमार ने किया। उन्होंने पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली और इंजन निर्माण को चिरेका की मूल पहचान बताते हुए इसे संरक्षित रखने की बात कही। अध्यक्ष दिनेश पाठक और कार्यकारी अध्यक्ष आशीष मुखर्जी ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया। दिनेश पाठक ने एम.पी. वर्मा सहित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की, जबकि आशीष मुखर्जी ने राज्य कर के बदले स्थानीय सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *