गर्मी में सफर होगा आसान: यात्रियों की भीड़ संभालने को 11 समर स्पेशल ट्रेनों का ऐलान

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी जामताड़ा। आसनसोल रेल मंडल ने आगामी ग्रीष्मकालीन सीजन में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन ने विभिन्न महत्वपूर्ण रूटों पर कुल 11 समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है, जिससे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।इन विशेष ट्रेनों के जरिए कानपुर सेंट्रल, छपरा, गोमतीनगर, मदार जंक्शन, उदयपुर सिटी, रक्सौल, गोमो, वाटवा और साबरमती जैसे प्रमुख शहरों को आसनसोल व हावड़ा/कोलकाता से जोड़ा जाएगा। ट्रेनों का संचालन अप्रैल के तीसरे और चौथे सप्ताह में अलग-अलग तिथियों पर किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके।कानपुर सेंट्रल–आसनसोल, छपरा–कोलकाता और गोमतीनगर–कोलकाता स्पेशल ट्रेनों के साथ-साथ रक्सौल–हावड़ा और मदार जंक्शन–हावड़ा स्पेशल भी चलाई जाएंगी। इसके अलावा वाटवा–हावड़ा और साबरमती–आसनसोल जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों को भी शामिल किया गया है। गोमो–दुर्गापुर के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन स्थानीय यात्रियों के लिए विशेष राहत लेकर आएगी।इन ट्रेनों का ठहराव आसनसोल मंडल के प्रमुख स्टेशनों जैसे चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह और दुर्गापुर में निर्धारित किया गया है। इससे झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।रेलवे ने बताया कि अधिकांश ट्रेनों में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान (स्लीपर) और वातानुकूलित (एसी) कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी, जिससे विभिन्न वर्गों के यात्रियों की जरूरतों का ध्यान रखा जा सके।रेल प्रशासन का मानना है कि इन समर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन से न केवल भीड़ का दबाव कम होगा, बल्कि यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में भी सहूलियत होगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी की जानकारी प्राप्त कर लें और अग्रिम आरक्षण कराकर यात्रा को सुगम बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *