तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी जामताड़ा। जामताड़ा जिले में अक्षय तृतीया के अवसर पर मां चंचला मंदिर परिसर में बाल विवाह रोकथाम को लेकर एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक आयोजित की गई। यह पहल जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन के सहयोगी संस्था बनवासी विकास आश्रम, चाइल्ड हेल्पलाइन जामताड़ा और पीसीआई यूनिसेफ के संयुक्त प्रयास से संपन्न हुई, जिसमें विभिन्न मंदिरों से आए पुजारियों ने भाग लिया।बैठक में इस बात पर चिंता जताई गई कि अक्षय तृतीया जैसे शुभ मुहूर्त पर बड़ी संख्या में विवाह आयोजित होते हैं, जिनमें कई बार बाल विवाह के मामले भी सामने आते हैं। इस संवेदनशील समय में विशेष सतर्कता और निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि ऐसे किसी भी अवैध विवाह का सक्रिय विरोध किया जाएगा और इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी।कार्यक्रम में बाल विवाह निषेध पदाधिकारी के अंतर्गत जुखजोड़ा पंचायत की पंचायत सचिव शालिनी गौतम, चाइल्ड हेल्पलाइन की समन्वयक मनीषा कुमारी, विजेंद्र यादव तथा पीसीआई यूनिसेफ के प्रतिनिधि राजकिशोर यादव उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर समाज को जागरूक और सतर्क रहने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन बनवासी विकास आश्रम की कार्यकर्ताओं में प्रीति गोस्वामी, साधना गोराई और खुशबू देवी ने किया, जिन्होंने बाल संरक्षण के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने पर बल दिया।
अक्षय तृतीया पर सख्ती का संकल्प: जामताड़ा में बाल विवाह रोकने को मंदिरों से उठी आवाज
