तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी जामताड़ा। जामताड़ा के व्यस्त सुभाष चौक क्षेत्र में रविवार रात एक बड़ी चोरी की घटना ने व्यापारियों में दहशत फैला दी। अज्ञात चोरों ने “शुभम ज्वेलर्स” नामक दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। दुकान के संचालक मनोज वर्मा के अनुसार, वे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे, लेकिन सोमवार सुबह जब वे लौटे तो अंदर का दृश्य देख हैरान रह गए।दुकान के भीतर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारियां पूरी तरह खाली थीं। जांच में सामने आया कि चोरों ने पीछे की ओर लगे वेंटिलेटर को तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 5 किलो चांदी के जेवरात सहित अन्य कीमती सामान चोरी हुआ है, जिसकी कीमत लगभग 12 से 13 लाख रुपये बताई जा रही है।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उल्लेखनीय है कि मनोज वर्मा की दुकान में इससे पहले भी 15 वर्ष पूर्व चोरी हो चुकी है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।
सुभाष चौक पर बड़ी चोरी: ज्वेलरी शॉप से लाखों के आभूषण गायब, सुरक्षा पर उठे सवाल
