तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी मिहिजाम। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं और इसी कड़ी में मिहिजाम में आयोजित एक प्रेस वार्ता ने स्थानीय सियासत को गर्मा दिया। मिहिजाम स्थित एक निजी मैरिज हॉल में बुधवार को पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस की रणनीति और चुनावी संभावनाओं पर खुलकर अपनी बात रखी।दुर्गापुर से जामताड़ा लौटने के दौरान मिहिजाम में रुके फुरकान अंसारी ने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में कांग्रेस पहले से अधिक संगठित और मजबूत स्थिति में चुनाव लड़ रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है और कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर संगठन को मजबूती दे रहे हैं।उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस कम से कम 10 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। अंसारी के अनुसार राज्य में बदलाव की लहर दिखाई दे रही है और जनता अब नए विकल्प की ओर देख रही है, जिसमें कांग्रेस एक प्रभावी विकल्प के रूप में उभर रही है।पूर्व सांसद ने यह भी संकेत दिया कि गठबंधन की राजनीति को लेकर पार्टी सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में इस पर स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।प्रेस वार्ता के दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। अंसारी के बयान ने जहां समर्थकों में जोश भरा, वहीं राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
मिहिजाम में सियासी सरगर्मी: फुरकान अंसारी बोले, बंगाल में कांग्रेस बनाएगी मजबूत वापसी
