बंद घर बना निशाना: चित्तरंजन में 15 लाख के गहनों पर चोरों का हाथ साफ, इलाके में दहशत

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी 27 अप्रैल 2026 चित्तरंजन। चित्तरंजन के एरिया-8 स्थित स्ट्रीट संख्या 35ए के क्वार्टर 48डी में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक सुनियोजित चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और सीधे शयनकक्ष में रखी अलमारी से करीब 15 लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।मिली जानकारी के अनुसार, घर की मालकिन मनक्का देवी, जो कस्तूरबा गांधी अस्पताल में कार्यरत हैं, अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने बिहार गई हुई थीं। घर की देखभाल की जिम्मेदारी पास के एक युवक को दी गई थी, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण वह रात में अपने घर लौट गया। इसी दौरान चोरों ने मौका देखकर घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।घटना का पता भोर करीब चार बजे चला, जब आसपास के लोगों ने घर का टूटा ताला देखा और इसकी सूचना दी। देखरेख करने वाला युवक जब वापस लौटा तो उसने पाया कि मुख्य दरवाजा टूटा हुआ है और कुंडी को कपड़े से बांध दिया गया था, जिससे बाहर से कोई संदेह न हो।परिवार के लौटने पर स्थिति और स्पष्ट हुई। घर के सामने वाले कमरे में कोई छेड़छाड़ नहीं की गई थी, जबकि अंदर का शयनकक्ष पूरी तरह बिखरा पड़ा था। अलमारी खुली हुई थी और गहनों के खाली डिब्बे व बैग घर के पीछे फेंके मिले। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों को पहले से जानकारी थी और वे सीधे कीमती सामान की तलाश में आए थे।पीड़ित परिवार के सदस्य रंजन कुमार राम उर्फ कन्हैया ने बताया कि चोरी हुए गहनों में उनकी पत्नी के शादी के आभूषण, बड़ी बहन के जेवर और छोटी बहन की शादी के लिए वर्षों से संजोकर रखे गए गहने शामिल हैं। उनकी छोटी बहन बिहार पुलिस में कार्यरत है और उसकी शादी के लिए ये गहने पाई पाई जोड़कर पिछले 20 साल में तैयार किए गए थे। घटना के बाद मनक्का देवी की तबीयत भी बिगड़ गई, हालांकि बाद में उनकी स्थिति में सुधार हुआ।सूचना मिलते ही चित्तरंजन थाना और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं। थाना प्रभारी शेख इस्माइल अली ने रविवार शाम बताया कि अभी तक लिखित शिकायत नहीं मिली है, आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *