तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी जामताड़ा। जामताड़ा जिले में अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत फायर सेफ्टी को लेकर जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। 14 से 20 अप्रैल तक चल रहे इस अभियान का इस वर्ष का मुख्य विषय “हॉस्पिटल सुरक्षित तो सभी सुरक्षित” रखा गया है, जिसके तहत खासतौर पर अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा मानकों पर जोर दिया जा रहा है।रविवार को अग्निशमन पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुस्कान हॉस्पिटल पोसोई सहित कई अस्पतालों, स्कूलों, कॉलेजों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का दौरा किया। इस दौरान लोगों को आग लगने की स्थिति में सतर्क रहने, घबराहट से बचने और तुरंत सही कदम उठाने की जानकारी दी गई। टीम ने प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने के उपाय, अग्निशमन यंत्रों के सही इस्तेमाल, आपातकालीन निकास मार्ग के महत्व और समय पर सूचना देने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश अग्निकांड जागरूकता की कमी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण होते हैं। यदि नियमित जांच और सावधानी बरती जाए तो बड़े हादसों को रोका जा सकता है। अस्पताल प्रबंधन को विशेष रूप से विद्युत व्यवस्था की जांच, उपकरणों की कार्यशीलता और कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर ध्यान देने की सलाह दी गई।स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह अभियान 20 अप्रैल तक जिलेभर में जारी रहेगा।
जामताड़ा में फायर सेफ्टी पर फोकस: अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों में चल रहा विशेष जागरूकता अभियान
