तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी 29 अप्रैल 2026 जामताड़ा। जामताड़ा में बुधवार शाम मौसम की तेज बारिश भी पत्रकारों के आक्रोश को कम नहीं कर सकी। हजारीबाग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वास्थ्य मंत्री की मौजूदगी में पत्रकारों पर हुए कथित जानलेवा हमले के विरोध में जामताड़ा प्रेस क्लब ने जोरदार प्रदर्शन किया। शाम करीब 6 बजे शहर के सुभाष चौक पर प्रेस क्लब के सदस्यों ने भीगते हुए स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन का नेतृत्व प्रेस क्लब के अध्यक्ष देवाशीष भारती ने किया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पत्रकार मौके पर पहुंचे और मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। पूरे कार्यक्रम के दौरान विरोध की तीव्रता साफ नजर आई, जहां पत्रकारों ने एकजुट होकर घटना की कड़ी निंदा की।प्रेस क्लब के अध्यक्ष देवाशीष भारती ने कहा कि हजारीबाग में जो घटना सामने आई है, वह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस समय पत्रकारों पर हमला हुआ, उस दौरान स्वास्थ्य मंत्री घटनास्थल पर मौजूद थे। ऐसी स्थिति में उनकी जिम्मेदारी बनती थी कि वे हालात को नियंत्रित करते और दोषियों को रोकते, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया गया।उन्होंने आगे कहा कि यदि किसी मंत्री की मौजूदगी में इस तरह की घटना घटती है, तो यह प्रशासनिक विफलता का स्पष्ट संकेत है। मंत्री को न केवल सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, बल्कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।इस विरोध प्रदर्शन में प्रेस क्लब के सचिव आरिफ हुसैन, उपाध्यक्ष उज्जवल प्रसाद आजाद, कोषाध्यक्ष मिथिलेश निराला समेत कई पत्रकार शामिल रहे। इनके अलावा दीपक झा, देवेश कुमार, रतन मंडल, राजीव झा और बिधान चंद्र दास सहित अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने स्पष्ट संदेश दिया कि वे अपने अधिकारों और सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे। बारिश के बीच हुआ यह विरोध कार्यक्रम पत्रकार एकता और उनके संघर्ष का प्रतीक बन गया।
बारिश में भी नहीं थमा आक्रोश: पत्रकारों पर हमले के विरोध में जामताड़ा में स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका
