तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी 28 अप्रैल 2026 मिहिजाम। जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में 19 अप्रैल से लापता दो सगी नाबालिग बहनों के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। शुरुआत में जिसे अपहरण का मामला मानकर जांच की जा रही थी, वह आखिरकार सोशल मीडिया से जुड़े एक प्रेम प्रसंग के रूप में सामने आया। पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता के चलते दोनों बहनों को पंजाब के लुधियाना से सकुशल बरामद कर लिया गया।मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि बहनों के गायब होने के बाद पुलिस ने तत्काल कांड संख्या 20/26 दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती संदेह अपहरण की ओर था, लेकिन जब तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण किया गया, तो जांच की दिशा बदल गई। डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए पुलिस को दोनों बहनों की लोकेशन लुधियाना में मिली।इसके बाद पुलिस पदाधिकारी गुलशन कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर पंजाब रवाना किया गया। टीम ने लुधियाना के डिवीजन थ्री थाना क्षेत्र स्थित न्यू शिवाजी नगर में छापेमारी कर दोनों बहनों को सुरक्षित बरामद कर लिया। मौके से 19 वर्षीय राकेश कुमार नामक युवक को भी हिरासत में लिया गया, जो मूल रूप से बिहार के दरभंगा का निवासी है और फिलहाल लुधियाना में एक निजी दुकान में काम करता है।जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बड़ी बहन की राकेश से पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ते-बढ़ते प्रेम संबंध में बदल गई। 19 अप्रैल को बड़ी बहन अपनी छोटी बहन को साथ लेकर पहले आसनसोल पहुंची और वहां से राकेश के साथ लुधियाना चली गई।थाना प्रभारी ने बताया कि राकेश लगभग 16 से 17 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी करता है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ एक संवेदनशील मामला सुलझा, बल्कि संभावित खतरे से दोनों नाबालिगों को सुरक्षित बचा लिया गया। बच्चियों की सकुशल वापसी पर मिहिजाम क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और थाना प्रभारी प्रदीप राणा समेत पूरी पुलिस टीम की सराहना की है।
इंस्टाग्राम की दोस्ती बनी ‘रहस्य’ की वजह, मिहिजाम पुलिस ने लुधियाना से बरामद की दो नाबालिग बहनें
