पत्रकार पर हमले के खिलाफ जामताड़ा में उबाल, दोषियों की गिरफ्तारी को लेकर सौंपा ज्ञापन

तहलका न्यूज 24 संवाददाता काजल राय चौधरी 29 अप्रैल 2026 जामताड़ा। हजारीबाग में पत्रकार सुशांत सोनी के साथ हुई मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटना को लेकर जामताड़ा में पत्रकारों के बीच गहरा आक्रोश देखने को मिला। इस घटना के विरोध में प्रेस क्लब जामताड़ा के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त आलोक कुमार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।प्रतिनिधिमंडल में प्रेस क्लब जामताड़ा के अध्यक्ष राजकिशोर सिंह, सचिव कौशल सिंह, उपाध्यक्ष मनीष बरणवाल, दीपक सिंह, रुपक शर्मा समेत अन्य सदस्य शामिल थे। सभी ने एक स्वर में घटना की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला बताया।प्रेस क्लब के महासचिव कौशल सिंह ने कहा कि 28 अप्रैल 2026 को हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में घटी यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि न्यूज 18 के पत्रकार सुशांत सोनी जब अपनी ड्यूटी के तहत समाचार संकलन कर रहे थे, उसी दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के समर्थकों ने उनके साथ सरेआम मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया। इस घटना ने पत्रकारिता जगत को झकझोर कर रख दिया है।उपाध्यक्ष मनीष बरणवाल ने कहा कि मंत्री की मौजूदगी में इस तरह की घटना होना और भी चिंताजनक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकार इस घटना से दुखी जरूर हैं, लेकिन डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून को प्रभावी रूप से लागू करने की भी मांग उठाई गई, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।इसके अलावा पीड़ित पत्रकार को उचित सुरक्षा और न्याय दिलाने की भी अपील की गई है। प्रेस क्लब के सदस्यों ने कहा कि यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।पत्रकारों ने यह भी दोहराया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है, और इसकी रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *