सेंट जोसेफ स्कूल में प्रतिभा, संस्कृति और उल्लास का संगम: वार्षिक समारोह सह क्रिसमस गैदरिंग का भव्य आयोजन

जामताड़ा। नगर के श्रीरामपुर स्थित सेंट जोसेफ स्कूल परिसर में वार्षिक समारोह सह क्रिसमस गैदरिंग का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, विशिष्ट अतिथि दुमका धर्मप्रांत के कार्यवाहक बिशप सनातन कीस्कु, जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार, कैप्टन व्यास चौधरी तथा जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्यों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।समारोह की शुरुआत नन्हे बच्चों की भावपूर्ण स्वागत वंदना से हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इसके बाद मां की ममता पर आधारित गीत पर छात्रों की भावनात्मक नृत्य प्रस्तुति ने माहौल को भावुक बना दिया। कार्यक्रम में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों की लोकसंस्कृति को दर्शाते लोकगीत और लोकनृत्य विशेष आकर्षण रहे।ईसा मसीह के जन्म पर आधारित सजीव झांकी, योग प्रदर्शन, मार्शल आर्ट, ताइक्वांडो, गतका और पिरामिड संरचना ने दर्शकों की भरपूर तालियां बटोरीं। मुख्य अतिथि निरंजन कुमार ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि सेंट जोसेफ स्कूल शिक्षा के साथ संस्कार, खेल और कला के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास कर रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने की अपील की।विद्यालय के प्राचार्य फादर जोसेफ तपन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय परिवार की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *